रेनबो न्यूज़ इंडिया* 23 मार्च 2022
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जीत दिलाने वाले पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लगातार दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली जिसके साक्षी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्री और अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री बने।
देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने 46 वर्षीय धामी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
धामी के साथ आठ अन्य कैबिनेट मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली जिसमें से पांच—सतपाल महाराज, गणेश जोशी, धनसिंह रावत, सुबोध उनियाल और रेखा आर्य भाजपा नीत पूर्ववर्ती सरकारों का भी हिस्सा रहे हैं।
धामी मंत्रिमंडल में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल सहित तीन नए चेहरों को भी जगह दी गयी है। मंत्रिमंडल में स्थान पाने वाले दो अन्य नए चेहरे सौरभ बहुगुणा और चंदन रामदास हैं। सौरभ पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के पुत्र हैं।
प्रदेश में लगातार दूसरी बार सत्तासीन हुई भाजपा के साथ ही धामी ने भी लगातार दूसरे कार्यकाल की बागडोर संभाल कर इतिहास रचा है। प्रदेश के गठन के दो दशक से भी अधिक समय में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी मुख्यमंत्री ने लगातार दूसरी बार पद की शपथ ली है।
इससे पहले, भाजपा के मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी ने भी दो बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी लेकिन उनके दो कार्यकालों के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखिरियाल निशंक मुख्यमंत्री रहे थे।
Related posts:
- धामी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी व गृहमंत्री अमित शाह
- मुख्यमंत्री धामी शासन के 100 दिन पूरे, मेरा एक-एक पल जनता के लिए: धामी
- उत्तराखंड में सरकार गठन को लेकर भाजपा नेताओं ने किया मंथन, सोमवार को चुना जाएगा विधायक दल का नेता
- उत्तराखंड के अगले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही होंगे- सूत्र
- मोदी ने धामी को एक ऊर्जावान मुख्यमंत्री बताया
- धामी के खटीमा विधानसभा सीट से चुनाव हारने के बाद अब कौन बनेगा उत्तराखंड का CM? तेज हुई अटकलें