Top Banner
बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया पिता, खींच लाया मौत के मुंह से

बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया पिता, खींच लाया मौत के मुंह से

रेनबो न्यूज़ * 13 अक्टूबर 2022  

रणाऊं गांव (अल्मोड़ा): 14 वर्षीय किशोर पर मंगलवार की शाम को घर के आंगन में तेंदुए ने हमला कर लहूलुहान कर दिया। बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी जान बचाने घर के भीतर से पिता दौड़े चले आए। तेंदुए ने पिता पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ देख कर तेंदुआ वहां से भाग निकला। घायल किशोर को अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

अल्मोड़ा में लमगड़ा ब्लॉक के अंतर्गत रणाऊ गांव निवासी आनंद सिंह बगड़वाल (14 वर्ष) पुत्र पान सिंह मंगलवार की शाम को अपने घर के आंगन में पालतू मुर्गी को लाने आया था। इसी दौरान आसपास घात लगाकर छिपे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने किशोर के सिर, हाथ और पीठ में पंजे मार दिए। तेंदुए के हमले होने पर बच्चा चिल्लाया तो घर के भीतर से पिता पान सिंह दौड़े चले आए। जैसे ही वह बच्चे के पास पहुंचे तो तेंदुआ उन पर भी झपट पड़ा।

तेंदुए के हमले में दोनों घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों की भीड़ देखकर तेंदुआ वहां से भाग गया। 

घायल किशोर को सीएचसी लमगड़ा लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है। घटना की जानकारी मिलने पर सिविल सोयन वन प्रभाग अल्मोड़ा के डीएफओ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया ग्रामीणों गांवों वालों को सावधानी बरतने को कहा गया है और तेंदुए पर नजर रखी जा रही है।

वन विभाग ने दोनों घायलों को 15-15 हजार मुआवजा देने की बात कही। जिसमें से पांच-पांच हजार रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। रणाऊं के पूर्व प्रधान राम सिंह बगड़वाल ने तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि शाम होते ही तेंदुआ गांव में आ रहा है। इससे अनहोनी का खतरा बना हुआ है। एक माह में तेंदुआ गांव में कई मवेशियों को निवाला बना चुका है।

Please share the Post to: