Top Banner
ग्राफिक एरा दीक्षांत समारोह: गोल्ड मैडल पाने में छात्राएं रहीं आगे, नरेंद्र सिंह नेगी और हिमानी शिवपुरी को मानद उपाधि

ग्राफिक एरा दीक्षांत समारोह: गोल्ड मैडल पाने में छात्राएं रहीं आगे, नरेंद्र सिंह नेगी और हिमानी शिवपुरी को मानद उपाधि

देहरादून (रेनबो न्यूज़)। 21 नवंबर को ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी का तीसरा दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय परिसर देहरादून में आयोजित किया गया। दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि राज्यपाल उत्तराखंड लेफ्टि. जनरल (से० नि०) गुरमीत सिंह और विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री डॉ० धन सिंह रावत उपस्थित रहे। दीक्षांत समारोह में लोकप्रिय प्रसिद्ध गढ़वाली गायक नरेंद्र सिंह नेगी और फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी को डी लिट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। 

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से. नि.) गुरमीत सिंह ने कहा कि गोल्ड मैडल पाने वालों में छात्राओं की संख्या अधिक है। वर्ष 2020, 2021 और 2022 में कुल मिलाकर 91 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मैडल, 91 को ही सिल्वर मैडल और 86 को ब्रॉंज मैडल प्रदान किये गए।

ग्राफ़िक एरा हिल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने वर्ष 2022 के चित्रा पांडेय, चिराग, मुकुल पांडेय, हर्षित जोशी, मिनल गडिया व स्वाति जोशी समेत 34 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मैडल प्रदान किए। वर्ष 2021 के प्रज्ञा परमार, कीर्ति नैनवाल, पारस मेहता, उर्वशी चौहान और पलक चांदना समेत 28 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मैडल प्रदान किये गए। वर्ष 2020 के गोल्ड मैडल पाने वालों में हर्षलीन कौर सेठी, आयुषि जैन, अक्षता पांडेय, मल्लिका जोशी और गरिमा पांडेय समेत 30 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। 

दीक्षांत समारोह में वर्ष 2022 के 2615 छात्र-छात्राओं को डिग्री दी गई। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने चार स्कॉलर्स डॉ० हिमानी बिंजोला- पत्रकारिता, डॉ० ताहा सिद्दीकी- पत्रकारिता, डॉ० पंकज अग्रवाल- मैनेजमेंट और जसप्रीत कौर को इंगलिश पीएचडी की उपाधि प्रदान की। 

इस समारोह में गोल्ड मैडल पाने वालों में लड़कियों की संख्या 57 है, जबकि 34 लड़कों को गोल्ड मैडल दिए गए। तीनों तरह के 208 मैडल्स में से 116 मैडल लड़कियों ने प्राप्त किए।

ग्राफिक एरा को संस्कृति व माटी से लगाव

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी से डी लिट की मानद उपाधि पाने वाली दोनों विभूतियों ने इसे उत्तराखंड की धरोहरों का सम्मान करार दिया।

डी लिट की मानद उपाधि से सम्मानित लोकप्रिय प्रसिद्ध गढ़वाली गायक एवं गीतकार नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि आज उत्तराखंड की लोकभाषा को सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह ग्राफिक एरा की लोककला, संस्कृति और माटी की महक के प्रति लगाव है। यही कारण है कि यहां के बच्चे आईटी, कंप्यूटर आदि के साथ ही लोकगीत और संगीत से भी लगाव रखते हैं। 

डी लिट की मानद उपाधि से सम्मानित फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी को यह सम्मान मिला है। जिस शहर में वह पैदा हुई और जिस शहर ने उनकी कला को परखा उस शहर में डॉक्टरेट की उपाधि मिलना उसके लिए बहुत सुखद अहसास है। अपने चिर परिचित अंदाज में हिमानी शिवपुरी ने एक सीरियल का कटोरी अम्मा के अंदाज में सपने देखने और आगे बढ़ने के लिए डायलॉग सुनाकर प्रेरित किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने उन्हें शेरनी कहकर संबोधित किया।

Please share the Post to: