रेनबो न्यूज़ 20/1/23
भूधंसाव की समस्या झेल रहे जोशीमठ की समस्या और बढती नजर आ रही है। बीती रात को इलाके में भारी बर्फबारी हुई है। पूरा इलाका बर्फ की चादर से ढंक गया है।मौसम विभाग ने उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में भी बर्फबारी की संभावना जताई।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मुक्तेश्वर में लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान एक डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, पंतनगर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भारी कमी के चलते मैदान से लेकर पहाड़ तक जबरदस्त ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है।
शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान 15 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है। राजधानी दून व आसपास के इलाकों में बृहस्पतिवार को लोगों को जबरदस्त ठंड का सामना करना पड़ा। मौसम के बदले मिजाज के चलते राजधानी में अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री गिरकर 17.8 डिग्री पर पहुंच गया और शहरियों को दिन में भी जबरदस्त ठंडक का सामना करना पड़ा।
न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बेहद कम अंतर के चलते ठंडक ने परेशान कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे ठंड और परेशान कर सकती है। इतना ही नहीं एक सप्ताह यानी 26 जनवरी तक ठंड से फिलहाल बहुत अधिक राहत नहीं मिलने वाली है। राजधानी व आसपास के इलाकों में 23 से 26 जनवरी तक बारिश के आसार हैं।