Top Banner
11 अक्टूबर को बंद होंगे हेमकुंड साहिब के कपाट, जानें इस साल कितने तीर्थयात्रियों ने किए दर्शन

11 अक्टूबर को बंद होंगे हेमकुंड साहिब के कपाट, जानें इस साल कितने तीर्थयात्रियों ने किए दर्शन

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अपने चरम पर है। इस बार की चारधाम यात्रा ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अभी तक 47 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन कर लिए हैं।

 इसी बीच सिक्खों के पवित्र धाम हेमकुंड साहिब के कपाट बंद करने की तिथि का ऐलान कर दिया गया है। इस साल 11 अक्टूबर की दोपहर एक बजे हेमकुंड साहिब के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि 11 अक्टूबर को दोपहर एक बजे हेमकुंड साहिब के कपाट विधि विधान से बंद कर दिए जाएंगे। हेमकुंड साहिब के साथ लोकपाल लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के कपाट भी बंद किए जाएंगे। जिसके लिए यात्रा बेस कैंप गोविंदघाट में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इस वर्ष हेमकुंड साहिब के दर्शनों को 175000 तीर्थयात्री पहुंचे हैं। बिंद्रा ने बताया कि बुधवार को हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू होगी। सुखमणि पाठ के बाद सवा ग्यारह बजे सबद कीर्तन होगा। बिंद्रा ने बताया कि करीब सवा घंटे बाद इस साल की अंतिम अरदास पढ़ी जाएगी। अपराह्न एक बजे गुरु ग्रंथ साहिब का हुक्मनामा लिया जाएगा। इसके बाद पंच प्यारों की अगुवाई में पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब को दरबार साहिब से सतखंड में लाया जाएगा। अपराह्न ठीक डेढ़ बजे शीतकाल के लिए हेमकुंड साहिब के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। इस मौके पर गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह भी मौजूद रहे। हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने उम्मीद जताई है कि कपाट बंद होने तक श्रद्धालुओं का आंकड़ा दो लाख पार कर जाएगा।

Please share the Post to: