Top Banner
उत्तराखंड में शांत-सुरक्षित और भ्रष्टाचार मुक्त माहौल के साथ इंवेस्टमेंट के लिए अनंत संभावनाएं: अमित शाह

उत्तराखंड में शांत-सुरक्षित और भ्रष्टाचार मुक्त माहौल के साथ इंवेस्टमेंट के लिए अनंत संभावनाएं: अमित शाह

देहरादून (9 नवंबर)। आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अमित शाह के उत्तराखंड आगमन पर जीटीसी हैलीपेड पर उनका स्वागत किया।   

एफआरआई देहरादून में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज उत्तराखंड के देहरादून में उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट – 2023 के समापन सत्र को संबोधित किया। 

अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि आज का ये कार्यक्रम साढ़े तीन लाख करोड़ रूपए के समझौता ज्ञापन (MoUs) के साथ नए उत्तराखंड की अनंत संभावनाओं को तलाशने की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड विश्व के सामने इकोफ्रेंडली तरीके से उद्योग जगत के साथ जुड़ने का एक मजबूत उदाहरण बनेगा। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का मानना है कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक ऐसा स्थान है जहां दैवीय शक्ति भी है और विकास भी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी ने इसके साथ परफॉर्मेंस को भी जोड़ दिया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि दो दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में साढ़े तीन लाख करोड़ रूपए के MoUs हुए और इस दौरान राज्य में अनंत संभावनाओं को खोलने वाली कई तरह की नई शुरुआत हुई हैं। 

शाह ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में वर्ष 2025 के अंत तक भारत 5 ट्रिलियन डॉलर वाली अर्थव्यवस्था बन जाएगा। भारत की आज़ादी के 75 सालों में हमारी अर्थव्यवस्था ने इतनी बड़ी छलांग नहीं लगाई जो 2014 से 2023 के बीच लगाई है।

उन्होंने कहा कि 2014 में भारत में सिर्फ 4 यूनिकॉर्न स्टार्टअप थे और आज 110 भारतीय स्टार्टअप यूनिकॉर्न क्लब में शामिल हैं और भारत के युवाओं ने विश्व में देश को यश दिलाने का काम किया है। कहा कि पिछले 10 सालों में देश में राजनीतिक स्थिरता, भ्रष्टाचार मुक्त शासन, जनकल्याण की नीतियां, इन्वेस्टमेंट फ्रेंडली एजेंडा और शांतिपूर्ण माहौल बना हैं।

अमित शाह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व और पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री काल में उत्तराखंड ने सबसे ज्यादा प्रगति की है। साथ ही कहा कि उत्तराखंड में भ्रष्टाचार मुक्त शासन है जो निवेश के लिए बहुत जरूरी है। 

शाह ने कहा कि उत्तराखंड में हर क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं, और पूरे देश में सबसे शांत और सुरक्षित राज्य उत्तराखंड है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन, सेवा, लॉजिस्टिक्स, कस्टमाइज्ड पैकेज, आईटी और आयुष के क्षेत्र में अनंत संभावनाएं हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी में कहा आपके उद्बोधन के माध्यम से ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आए सभी उद्यमियों को प्रदेश में निवेश करने हेतु उत्साह एवं हमें प्रदेशवासियों की सेवा करने हेतु नई ऊर्जा प्राप्त हुई।

Please share the Post to: