हरिद्वार: महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी ने हरकी पैड़ी पर किया गंगा स्नान और पूजन

हरिद्वार: महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी ने हरकी पैड़ी पर किया गंगा स्नान और पूजन

हरिद्वारः छठ महापर्व से पहले हरकी पैड़ी पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी धोनी शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचीं, जहां उन्होंने मां गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना की।

इस दौरान साक्षी के साथ उनकी बेटी जिवा, मायके और ससुराल पक्ष के सदस्य भी मौजूद रहे। गंगा स्नान के बाद साक्षी धोनी ने श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया और गरीबों को भोजन भी कराया। श्रीगंगा सभा के पदाधिकारियों ने उन्हें गंगाजली और रुद्राक्ष की माला भेंट की।

गंगा सभा के स्वागत मंत्री सिद्धार्थ चक्रपाणी और सचिव उज्जवल पंडित ने साक्षी धोनी और उनके परिवार का स्वागत किया तथा उन्हें गंगा सेवा प्रकल्पों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में महेंद्र सिंह धोनी के आने की भी संभावना थी, लेकिन वे किसी कारणवश नहीं आ सके। साक्षी धोनी ने कहा कि उन्होंने पति-पत्नी दोनों की ओर से मां गंगा से परिवार के सुख-समृद्धि और देश की उन्नति की कामना की है।

हरकी पैड़ी पर साक्षी और जिवा को देखकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। लोग उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए और उनके श्रद्धा भाव की सराहना की।