दुनिया की पहली AI मंत्री बनी मां, 83 बच्चों को जन्म देगी डिएला

दुनिया की पहली AI मंत्री बनी मां, 83 बच्चों को जन्म देगी डिएला

जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित ग्लोबल डायलॉग कॉन्फ्रेंस के दौरान अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा ने ऐसा ऐलान किया जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया। उन्होंने बताया कि देश की पहली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मंत्री डिएला (DIELA) अब “गर्भवती” है — यानी वह 83 नए एआई असिस्टेंट मॉड्यूल्स तैयार कर रही हैं, जो देश के हर सांसद के साथ काम करेंगे।

प्रधानमंत्री रामा ने कहा कि 2026 तक अल्बानियाई संसद के सभी 83 सांसदों को अपना-अपना AI सहयोगी मिलेगा। ये स्मार्ट असिस्टेंट्स सत्र की कार्यवाही रिकॉर्ड करेंगे, भाषणों के नोट्स बनाएंगे, नीतिगत सुझाव देंगे और सांसदों को नीति निर्माण में मदद करेंगे। अगर कोई सांसद सत्र का हिस्सा मिस कर देता है तो यह AI असिस्टेंट उसे तुरंत अपडेट देगा कि क्या चर्चा हुई और क्या जवाब देना है।

उन्होंने बताया कि ये सभी 83 AI मॉड्यूल्स डिएला के डेटा और एल्गोरिद्म पर आधारित होंगे, यानी ये उसकी ही “डिजिटल संतानें” कहलाएंगी।

डिएला कौन है और कैसे काम करती है?

सितंबर 2024 में अल्बानिया ने डिएला को देश की पहली एआई मंत्री के रूप में नियुक्त किया था। वह पारंपरिक अल्बानियाई परिधान में एक वर्चुअल महिला अवतार के रूप में सामने आती है।
उसका नाम ‘डिएला’, अल्बानियाई भाषा में ‘सूरज’ का प्रतीक है। जनवरी 2024 में इसे e-Albania प्लेटफॉर्म पर लॉन्च किया गया था, जहाँ यह नागरिकों को सरकारी सेवाएं, दस्तावेज और परमिट ऑनलाइन प्राप्त करने में मदद करती है।

भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की दिशा में कदम

प्रधानमंत्री एडी रामा ने बताया कि डिएला का उद्देश्य सिर्फ डिजिटल सेवाएं देना नहीं है, बल्कि सरकार में पारदर्शिता और ईमानदारी को नई दिशा देना है।
अब डिएला पब्लिक प्रोक्योरमेंट सिस्टम यानी सरकारी खरीद प्रणाली की निगरानी भी करेगी। हर सरकारी टेंडर, अनुबंध और फंडिंग उसके नियंत्रण में होगी।

रामा ने कहा, “अब कोई भी सरकारी सौदा छिपा नहीं रहेगा। नागरिक यह देख सकेंगे कि पैसा कहां और कैसे खर्च हो रहा है।”
उनके अनुसार, डिएला की निगरानी में भ्रष्टाचार की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी, और यह कदम डिजिटल गवर्नेंस के नए युग की शुरुआत है।