कैंची धाम पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू — बाबा नीम करोली महाराज के किए दर्शन, मां नयना देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना

कैंची धाम पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू — बाबा नीम करोली महाराज के किए दर्शन, मां नयना देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना

नैनीताल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने नैनीताल प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार सुबह प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने बाबा नीम करोली महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।

मंदिर पहुंचने पर आश्रम के साधु-संतों और ट्रस्ट सदस्यों ने राष्ट्रपति का पारंपरिक रूप से स्वागत किया। राष्ट्रपति ने बाबा के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किए और कुछ समय ध्यान लगाकर मौन साधना की।

इस दौरान उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। सुरक्षा के कड़े इंतज़ामों के बीच राष्ट्रपति का काफिला सुबह करीब 9 बजे कैंची धाम पहुंचा और लगभग 30 मिनट तक वहां रुकने के बाद वे वापस नैनीताल के लिए रवाना हुईं।

राष्ट्रपति का यह दौरा बाबा नीम करोली महाराज की शिक्षाओं और आध्यात्मिक संदेशों के प्रति श्रद्धा और आस्था का प्रतीक माना जा रहा है।

राष्ट्रपति ने मां नयना देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना

नैनीताल दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शक्तिपीठ श्री मां नयना देवी मंदिर में भी दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने राष्ट्र की सुख, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।

मंदिर समिति के सदस्यों ने राष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे।

इसके पश्चात राष्ट्रपति कैंची धाम के लिए रवाना हो गईं। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर को अस्थायी रूप से पर्यटकों और आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रखा गया।

कड़ी सुरक्षा और श्रद्धा का संगम

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए थे। कैंची धाम और नयना देवी मंदिर परिसर के आसपास पुलिस और सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई थी।

राष्ट्रपति का यह दौरा उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ाव का प्रतीक माना जा रहा है।

राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान कुमाऊं विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगी।