निर्माता करण जौहर की फिल्म ‘होमबाउंड’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई हो, लेकिन अब इस फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। फिल्म को ऑस्कर 2026 के लिए शॉर्टलिस्ट कर लिया गया है, जिसके बाद पूरी स्टारकास्ट और मेकर्स खुशी से झूम उठे हैं।
इस खास मौके पर करण जौहर, जाह्नवी कपूर, ईशान खट्टर, विशाल जेठवा, कियारा आडवाणी और धर्मा प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपनी खुशी जाहिर की।
करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि ‘होमबाउंड’ ने कान्स से लेकर ऑस्कर तक का सफर तय किया है और इस जर्नी पर उन्हें गर्व है। उन्होंने निर्देशक नीरज घायवान और पूरी टीम को बधाई दी।
वहीं जाह्नवी कपूर ने पोस्ट में जानकारी दी कि ‘होमबाउंड’ 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए शॉर्टलिस्ट हुई है, जबकि फाइनल नॉमिनेशन जनवरी में घोषित होंगे।
ईशान खट्टर ने हार्ट इमोजी के साथ खुशी जताई, तो वहीं अभिनेता विशाल जेठवा ने भावुक होते हुए लिखा कि “पापा होते तो बहुत खुश होते।”
फिल्म के ऑस्कर शॉर्टलिस्ट होने के बाद इंडस्ट्री और दर्शकों के बीच उत्साह का माहौल है। ‘होमबाउंड’ की यह उपलब्धि भारतीय सिनेमा के लिए एक और गौरवपूर्ण क्षण मानी जा रही है।