दुःखद उत्तराखंड के दो जवान हुए शहीद…

दुःखद उत्तराखंड के दो जवान हुए शहीद…

देहरादून। उत्तराखंड के लिए आज का दिन बेहद दुखद खबर लेकर आया है। देश की रक्षा करते हुए राज्य के दो वीर सपूतों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए हैं। जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान उत्तराखंड के जवान शहीद हो गए।

जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए बागेश्वर के हवलदार गजेन्द्र सिंह गढ़िया
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के सिंहपोरा क्षेत्र में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान बागेश्वर जनपद के निवासी हवलदार गजेन्द्र सिंह गढ़िया वीरगति को प्राप्त हो गए। ड्यूटी के दौरान आतंकियों से लोहा लेते हुए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया।
शहीद होने की सूचना मिलते ही उनके गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अरुणाचल प्रदेश में शहीद हुए रुद्रप्रयाग के हवलदार रविंद्र सिंह
दूसरी ओर, रुद्रप्रयाग जिले के रहने वाले हवलदार रविंद्र सिंह भी ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए हैं। वह 15वीं गढ़वाल राइफल्स में सेवारत थे और अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उन्होंने भी देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों वीर जवानों की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि—
“देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले हमारे वीर सैनिकों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”
राज्य सरकार की ओर से शहीद जवानों के परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान किए जाने की बात भी कही गई है।