“शादी भी नहीं हो रही, घर बैठी हो…” तानों से आहत बेटियों ने पिता की हत्या की, पूछताछ में कबूला जुर्म

“शादी भी नहीं हो रही, घर बैठी हो…” तानों से आहत बेटियों ने पिता की हत्या की, पूछताछ में कबूला जुर्म

बेटियों ने ही ली पिता की जान, मुजफ्फरनगर में रिश्तों का खौफनाक अंत

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के भोपा थाना क्षेत्र के मोरना कस्बे में एक 60 वर्षीय किसान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मृतक की दो बेटियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार की है।

घर के भीतर मिला खून से लथपथ शव

घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। मोरना निवासी किसान राम प्रसाद अपने घर में सो रहे थे। सोमवार सुबह परिजनों ने उनका शव चारपाई के नीचे खून से लथपथ हालत में देखा। गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे, जबकि पेट पर भी चोट के गहरे घाव पाए गए। सूचना पर एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पत्नी के बयान के बाद घरवालों पर गहराया शक

मृतक की पत्नी चंद्रकली ने पुलिस को बताया कि रात करीब 2 बजे राम प्रसाद पानी पीकर सो गए थे और वह दवा लेकर सो गई थीं। सुबह घटना की जानकारी हुई। हालांकि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों—घर के भीतर खून के धब्बे और हाथ धोने के निशान—ने पुलिस का शक परिवार के सदस्यों की ओर मोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की 32 वर्षीय बेटी कोमल और 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में कबूल किया अपराध

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों बहनों ने हत्या की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि पिता के व्यवहार और लगातार तानों से वे मानसिक रूप से आहत थीं। आरोप है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने दो दिन पहले हत्या की योजना बनाई। घटना की रात कथित रूप से विवाद के बाद दोनों ने धारदार हथियार से हमला कर पिता की जान ले ली।

सबूत छिपाने की कोशिश

पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद दोनों ने खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल चाकू को एक पोटली में बांधकर घर में रखे भूसे के ढेर में छिपा दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कपड़े और हथियार बरामद कर लिए हैं।

पुलिस का बयान

एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि 112 पर सूचना मिलने के बाद एसओजी और फील्ड यूनिट ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में ही परिजनों की भूमिका संदिग्ध लगी। पूछताछ में दोनों बेटियों ने अपराध स्वीकार किया है। बड़ी बेटी की उम्र लगभग 32 वर्ष है, जबकि छोटी इंटर की छात्रा है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।