देहरादून में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ हुई मारपीट का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में प्रदेशभर के विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने सोमवार को कार्य बहिष्कार करने का ऐलान किया है।
बोर्ड परीक्षाएं रहेंगी प्रभावित नहीं
कर्मचारी संगठनों ने स्पष्ट किया है कि कार्य बहिष्कार के बावजूद उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं को इससे अलग रखा जाएगा और परीक्षाएं सकुशल संपन्न कराई जाएंगी। हालांकि अन्य विभागों में कामकाज प्रभावित रहेगा।
गिरफ्तारी नहीं हुई तो आगे की रणनीति
संगठनों का कहना है कि यदि सोमवार दोपहर तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो आगे की रणनीति बनाई जाएगी और आंदोलन को और तेज किया जा सकता है। इसके लिए एक कोर कमेटी का गठन भी किया गया है, जो आगामी कदमों पर निर्णय लेगी।
दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर
मारपीट मामले में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काउ और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं विधायक के गनर ने भी अज्ञात लोगों के खिलाफ हमला करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
मामले ने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है। कर्मचारी संगठनों की अगली रणनीति अब पुलिस कार्रवाई पर निर्भर करेगी।