राष्ट्रपति मुर्मु ने किया अमृत उद्यान का उद्घाटन, 3 फरवरी से आम जनता के लिए खुलेगा

राष्ट्रपति मुर्मु ने किया अमृत उद्यान का उद्घाटन, 3 फरवरी से आम जनता के लिए खुलेगा

3 फरवरी से 31 मार्च तक आम जनता के लिए खुलेगा उद्यान, प्रवेश निःशुल्क

नई दिल्ली। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने रविवार, 1 फरवरी 2026 को राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान शीतकालीन वार्षिक संस्करण 2026 के उद्घाटन समारोह को सुशोभित किया। यह उद्यान 3 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक आम जनता के लिए खोला जाएगा।

सप्ताह में छह दिन खुला रहेगा अमृत उद्यान

अमृत उद्यान में लोग सप्ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक (अंतिम प्रवेश शाम 5 बजे) भ्रमण कर सकेंगे। सोमवार को उद्यान बंद रहेगा, जबकि होली के अवसर पर 4 मार्च को भी उद्यान आम जनता के लिए बंद रहेगा।

विशेष श्रेणियों के लिए निर्धारित दिन

अमृत उद्यान कुछ विशेष दिनों में विशेष वर्गों के लिए खोला जाएगा—

  • 3 मार्च: रक्षा कर्मियों के लिए

  • 5 मार्च: वरिष्ठ नागरिकों के लिए

  • 10 मार्च: महिलाओं एवं आदिवासी महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए

  • 13 मार्च: दिव्यांगजनों के लिए

केवल ऑनलाइन बुकिंग, प्रवेश निःशुल्क

उद्यान में प्रवेश और बुकिंग पूरी तरह निःशुल्क है, लेकिन इस वर्ष मौके पर टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। आगंतुकों को केवल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही टिकट बुक करना होगा।
ऑनलाइन बुकिंग के लिए वेबसाइट: https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in/
किसी भी तिथि के लिए बुकिंग पिछले दिन सुबह 10 बजे बंद हो जाएगी। आगंतुकों को टिकट में उल्लिखित समय-सीमा और निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

प्रवेश, निकास और शटल बस सुविधा

सभी आगंतुकों के लिए प्रवेश और निकास गेट नंबर 35 से होगा, जो नॉर्थ एवेन्यू और राष्ट्रपति भवन चौराहे के पास स्थित है।
आगंतुकों की सुविधा के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक शटल बस सेवा सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक हर 30 मिनट पर उपलब्ध रहेगी। अंतिम शटल बस सेवा शाम 4:00 बजे होगी।

उद्यान भ्रमण का निर्धारित मार्ग

आगंतुकों के लिए भ्रमण मार्ग इस प्रकार होगा—
बाल वाटिका → पल्मेरिया गार्डन → बरगद गार्डन → बोन्साई गार्डन → कलकल बहती धारा → केंद्रीय लॉन → लंबा गार्डन → गोलाकार गार्डन

ट्यूलिप, गुलाब और नई आकर्षण

इस वर्ष ट्यूलिप और विभिन्न प्रजातियों के गुलाबों के साथ-साथ झरनों वाली ‘कलकल बहती धारा’ और रिफ्लेक्सोलॉजी पथों से युक्त बरगद उद्यान विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

आगंतुकों के लिए सुविधाएं

आगंतुक अपने साथ मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, पर्स/हैंडबैग, पानी की बोतलें और शिशुओं के लिए दूध की बोतलें ला सकते हैं। उद्यान परिसर में विभिन्न स्थानों पर पीने का पानी, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

राष्ट्रपति भवन और संग्रहालय भ्रमण भी संभव

अमृत उद्यान के अतिरिक्त, लोग सप्ताह में छह दिन (मंगलवार से रविवार) राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति भवन संग्रहालय का भी भ्रमण कर सकते हैं। साथ ही, प्रत्येक शनिवार को गार्ड परिवर्तन समारोह देखने की भी सुविधा है।
अधिक जानकारी के लिए आगंतुक https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in/ पर जा सकते हैं।