बिहार के शेरघाटी स्थित एसएमएसजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर उस समय अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब एक नवविवाहिता दुल्हन शादी के जोड़े में ही 10वीं की परीक्षा देने पहुंची। हाथों में मेहंदी, गहनों से सजी, मांग में सिंदूर भरे वह सीधे विदाई के बाद एग्जाम हॉल पहुंच गई।
विदाई के बाद ससुराल नहीं, पहले परीक्षा केंद्र
जानकारी के अनुसार, शेरघाटी के एक गांव की इस छात्रा की शादी 20 फरवरी को पूरे रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। आमतौर पर विदाई के बाद दुल्हन ससुराल में पारंपरिक रस्में निभाती है, लेकिन इस दुल्हन ने अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दी।
21 फरवरी की सुबह विदाई के तुरंत बाद वह अपने पति के साथ परीक्षा केंद्र पहुंची, ताकि वह अपनी 10वीं की बोर्ड परीक्षा दे सके।
भीड़ देख पुलिस को करनी पड़ी व्यवस्था
दूल्हा-दुल्हन को एक साथ परीक्षा केंद्र पर देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने वीडियो भी बनाए। भीड़ बढ़ने पर पुलिस को व्यवस्था संभालनी पड़ी, ताकि परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित न हो।
तीन घंटे बाहर इंतजार करता रहा पति
जब दुल्हन परीक्षा हॉल में पेपर दे रही थी, तब उसका पति बाहर कार में करीब तीन घंटे तक इंतजार करता रहा। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपने पति के साथ ससुराल के लिए रवाना हो गई।
दुल्हन के इस कदम की हर ओर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि उसने यह साबित किया है कि शिक्षा और सपनों को शादी के बाद भी प्राथमिकता दी जा सकती है।