राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी कोटद्वार में NSS व एंटी ड्रग सेल के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित

राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी कोटद्वार में NSS व एंटी ड्रग सेल के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित

कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में 12 मार्च 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना और एंटी ड्रग सेल के संयुक्त तत्वावधान में भाषण प्रतियोगिता और माता-पिता विहीन छात्र-छात्राओं की आर्थिक सहायता के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डू समथिंग सोसाइटी के संस्थापक एवं प्रमुख समाजसेवी प्रकाश चंद कोठारी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में भारत नामदेव भरत महोत्सव के संयोजक दीपक कुकरेती, वरिष्ठ नागरिक मंच के महासचिव रिपुदमन सिंह बिष्ट, भूतपूर्व सैनिक मनमोहन काला और राम भरोसे कंडवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हरिश्चंद्र और वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. विमल कुकरेती ने अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान ‘शिक्षा ही नहीं संस्कार भी चाहिए, नशा मुक्ति उत्तराखंड चाहिए’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा कुमकुम भारद्वाज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा अंशिका द्वितीय और बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा तनीषा तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता छात्राओं को डू समथिंग सोसाइटी द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने “हिंद देश के निवासी सभी जन एक हैं” समूह गीत की प्रस्तुति भी दी। साथ ही डू समथिंग सोसाइटी की ओर से महाविद्यालय की तीन माता-पिता विहीन छात्राओं को आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से प्रदान की गई।

प्राचार्य प्रो. हरिश्चंद्र ने अपने संबोधन में सोसाइटी द्वारा समाज के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अनुशासित जीवन अपनाने की अपील की। मुख्य अतिथि प्रकाश चंद कोठारी ने भी विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त जीवन जीने और नशा मुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में दीपक कुकरेती, मनमोहन काला और राम भरोसे कंडवाल ने भी छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन वाणिज्य संकाय के प्राध्यापक डॉ. अनुराग शर्मा ने किया, जबकि राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गीता रावत शाह ने सभी अतिथियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्ति नारों और राष्ट्रगान के साथ हुआ।