नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता Sonia Gandhi को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते मंगलवार देर रात Sir Ganga Ram Hospital में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें सीने में जकड़न और सांस लेने में हल्की परेशानी महसूस हुई, जिसके बाद एहतियातन उन्हें निगरानी में रखा गया है।
प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने बताया कि बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण के कारण उनका Bronchial Asthma सक्रिय हो गया है। ठंडी हवा और धूल के कारण यह समस्या अक्सर बढ़ जाती है। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें एंटीबायोटिक्स सहित आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। उन्होंने इसे एहतियाती भर्ती बताया है।
79 वर्षीय सोनिया गांधी पहले भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझती रही हैं। जनवरी 2026 में उन्हें सांस की तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था, जबकि जनवरी 2025 में पेट में संक्रमण के कारण इलाज कराया गया था। इसके अलावा सितंबर 2022 में भी वह उपचार के लिए विदेश गई थीं।
डॉक्टरों को उम्मीद है कि स्वास्थ्य में सुधार जारी रहने पर उन्हें एक-दो दिनों में अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। फिलहाल उनकी रिकवरी पर लगातार नजर रखी जा रही है।