देहरादून, 24 मार्च। पूर्व राजनयिक डॉ० दीपक वोहरा (Dr. Deepak Vohra) ने कहा कि वर्तमान समय में भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसका मानव संसाधन है, जो अपार क्षमता, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति से परिपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को देश के भविष्य का आधार बताते हुए उनकी भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
डॉ. दीपक वोहरा एक वरिष्ठ भारतीय राजनयिक (Former IFS Officer) और रणनीतिक मामलों के विशेषज्ञ हैं। डॉ. वोहरा ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के सिल्वर जुबली कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘जामवंत इफेक्ट’ विषयक विशेष कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। अपने वक्तव्य में उन्होंने भारत की वैश्विक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और आत्मनिर्भरता की दिशा में हो रही प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि किसी भी देश की वास्तविक पहचान उसके नेतृत्व, कूटनीतिक कौशल, सैन्य क्षमता, आर्थिक मजबूती, शिक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ बुनियादी ढांचे से निर्धारित होती है। डॉ. वोहरा के अनुसार, भारत आज सैन्य शक्ति और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में विश्व के प्रमुख देशों में शामिल है और वैश्विक स्तर पर शक्ति संतुलन को प्रभावित करने की स्थिति में पहुंच चुका है।
उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय तक भारत की दिशा अन्य देशों द्वारा तय की जाती रही, लेकिन अब समय आ गया है कि देश स्वयं अपने भविष्य को आकार दे। उन्होंने आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी भारत के निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि देश में विश्व नेतृत्व की क्षमता मौजूद है।
इस अवसर पर ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ० कमल घनशाला ने डॉ० दीपक वोहरा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग द्वारा किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ० नरपिंदर सिंह, प्रो-वाइस चांसलर डॉ० संतोष एस. सर्राफ, कुलसचिव डॉ० नरेश कुमार शर्मा, डीन (इंटरनेशनल अफेयर्स) डॉ० डी.आर. गंगोडकर, डीन लॉ डॉ० डेज़ी अलेक्जेंडर तथा विभागाध्यक्ष डॉ० सुधीर जोशी सहित अन्य संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
Related posts:
- IIT रुड़की को जल शक्ति मंत्रालय से 108.99 करोड़ रुपये का अनुदान मिला
- एआई का मानव इंटेलीजेंस के साथ समन्वय आवश्यक- डॉ० सिंह
- WEF 2026: भारत के नवीकरणीय ऊर्जा संक्रमण को मिला वैश्विक समर्थन, मंत्री प्रह्लाद जोशी बोले— भारत बना स्वच्छ ऊर्जा निवेश का प्रमुख केंद्र
- नरक चतुर्दशी आज, पढ़िए दीपक जलाने का समय, मुहूर्त और महत्व
- 77वां गणतंत्र दिवस 2026 संविधान, लोकतंत्र और विकसित भारत के संकल्प का पर्व: डॉ. अनुराग शर्मा
- चाकू की नोक पर देर रात महिला अकाउंटेंट से लूट, लाखों के गहने और कैश रुपये लेकर फरार हुए बदमाश