प्रेमी के लिए पत्नी ने रची साजिश, पहले आंखों में मिर्च डाली फिर पति को पिलाया जहर; मुकदमा दर्ज

प्रेमी के लिए पत्नी ने रची साजिश, पहले आंखों में मिर्च डाली फिर पति को पिलाया जहर; मुकदमा दर्ज

शिल्पा द्वारा शोएब के साथ प्रेम प्रसंग के चलते जहर पिलाकर पति अंकित को मारने की कोशिश

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने प्रेमी के लिए पति को रास्ते से हटाने की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस ने महिला और उसकी बहन के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सहारनपुर के गागलहेड़ी निवासी मौकम सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके बेटे अंकित की शादी करीब छह साल पहले शिल्पा से हुई थी। शादी के बाद दोनों देहरादून के सेवलाकलां, चंद्रबनी स्थित पार्वती विहार कॉलोनी में रहते थे। शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन कुछ समय से दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे थे।

प्रेम प्रसंग का पता चलने पर बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि महिला का पड़ोस में रहने वाले एक युवक शोएब के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब पति अंकित को इस बारे में पता चला तो दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। इसी दौरान एक दिन गुस्से में पत्नी ने पति की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया और मौके से फरार हो गई।

प्रेमी के साथ दिल्ली और हरिद्वार में रही

परिजनों के मुताबिक, शिल्पा करीब 15 दिनों तक अपने प्रेमी के साथ दिल्ली और हरिद्वार में अलग-अलग जगहों पर रही। इस दौरान उसने परिवार और पति से संपर्क भी नहीं रखा।

घर लौटकर पति को पिलाया जहर

करीब 15 दिन बाद जब वह वापस घर लौटी तो विवाद फिर शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद महिला ने अपनी बहन के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और पानी में जहर मिलाकर अंकित को पिला दिया। पानी पीते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ा।

पड़ोसियों की मदद से अंकित को तुरंत दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पीड़ित के होश में आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला और उसकी बहन के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और महिला के प्रेमी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर उसे भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।