राजस्थान यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम पर बवाल, हिरासत में लिए गए NSUI के 50 छात्र

राजस्थान यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम पर बवाल, हिरासत में लिए गए NSUI के 50 छात्र

‘मातृशक्ति संवाद कार्यक्रम’ के विरोध में एनएसयूआई (NSUI) का प्रदर्शन

जयपुर (Rajasthan University): राजस्थान यूनिवर्सिटी परिसर एक बार फिर छात्र राजनीतिक टकराव का केंद्र बन गया, जहाँ संविधान पार्क में आयोजित होने वाले ‘मातृशक्ति संवाद कार्यक्रम’ के विरोध में कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई – NSUI) ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई- NSUI) कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार की ओर बढ़ें। पहले से तैनात पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स हटाने का प्रयास किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। देखते ही देखते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया, जिसमें कुछ छात्रों को मामूली चोटें आईं। साथ ही बवाल करने वाले 50 से अधिक छात्र हिरासत में लिए गए।

क्या है पूरा मामला और क्यों हुआ विरोध?

जानकारी के अनुसार, यूनिवर्सिटी कैंपस में ‘मरुधरा नारी संस्थान’ की ओर से महिला सशक्तिकरण पर एक गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और बीजेपी से जुड़े पदाधिकारी शामिल थे। साथ ही जानकारी के मुताबिक, इसी में आरएसएस का ‘प्रबुद्ध जन संवाद एवं सांगठनिक विस्तार’ कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, जिसके विरोध में एनएसयूआई (NSUI) ने आपत्ति जताई।

एनएसयूआई (NSUI) ने आरोप लगाया कि शैक्षणिक संस्थानों का राजनीतिक उपयोग किया जा रहा है, जबकि विश्वविद्यालय शिक्षा और शोध का केंद्र होना चाहिए। वहीं, इस मुद्दे पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और एनएसयूआई (NSUI) कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे परिसर में तनाव और बढ़ गया।

बैरिकेड्स पर चढ़े छात्र, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

शुक्रवार को कार्यक्रम रुकवाने के लिए सैकड़ों की संख्या में एनएसयूआई (NSUI) कार्यकर्ता आयोजन स्थल की ओर कूच कर रहे थे। हालात को देखते हुए पुलिस ने यूनिवर्सिटी गेट पर पहले से ही भारी बैरिकेडिंग कर रखी थी। जब छात्रों को आगे बढ़ने से रोका गया, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। कई छात्र बैरिकेड्स पर चढ़ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच भारी धक्का-मुक्की हुई। बेकाबू होते हालात को देखते हुए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और हंगामा कर रहे 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वैन से अज्ञात स्थान पर भेज दिया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और पूरे परिसर में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। फिलहाल यूनिवर्सिटी में स्थिति नियंत्रण में है।