पिथौरागढ़। संत नारायण स्वामी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणनगर (डीडीहाट) में मंगलवार, 7 अप्रैल 2026 को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी (महाविद्यालय इकाई) के तत्वावधान में “विश्व स्वास्थ्य दिवस” के अवसर पर एक दिवसीय संगोष्ठी एवं प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य, प्राथमिक चिकित्सा और मानवीय सेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। मुख्य वक्ता डॉ. विवेक आर्या ने संतुलित आहार और मानसिक स्वास्थ्य के बीच संबंधों को विस्तार से समझाया।
रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. रश्मि टम्टा ने ‘फर्स्ट एड’ (प्राथमिक चिकित्सा) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आपातकालीन स्थितियों में जीवन बचाने के आवश्यक उपाय बताए। प्रो. प्रेमलता पंत ने रेडक्रॉस की वर्तमान प्रासंगिकता पर विचार रखे, जबकि डॉ. पंकज कुमार भट्ट ने विद्यार्थियों को इसके गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया। महाविद्यालय की योग शिक्षिका उमा दिगारी ने योग के महत्व पर जोर देते हुए छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास भी कराया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्राचार्य प्रो. डॉ. प्रेमलता कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि “निस्वार्थ सेवा ही रेडक्रॉस का मूल मंत्र है।” उन्होंने विद्यार्थियों को समाज के प्रति संवेदनशील और सेवा भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. सुधीर तिवारी, डॉ. नरेंद्र सिंह धारियल, डॉ. दिनेश कोहली, डॉ. शिखर पांडे, डॉ. अनुल हुडा, डॉ. सारिका वर्मा, डॉ. मनोज कुमार आर्या, मुकेश पांडे सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।