मुंबई: टाटा ग्रुप की एयरलाइन एयर इंडिया की एक फ्लाइट को बीच रास्ते से मुंबई लौटाना पड़ा। यह फ्लाइट (AI 639) मुंबई से चेन्नई जा रही थी। रास्ते में यात्रियों और क्रू को प्लेन के केबिन में कुछ जलने की बदबू महसूस हुई। यह घटना शुक्रवार रात की है। अच्छी बात यह है कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
एयर इंडिया ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट को वापस मुंबई लाया गया। किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। एयर इंडिया ने यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजने की व्यवस्था की और ग्राउंड स्टाफ ने यात्रियों की हर तरह से मदद की।
अब एयर इंडिया की तकनीकी टीम यह जांच कर रही है कि प्लेन में जलने जैसी बदबू क्यों आई।
एयर इंडिया का बयान:
“27 जून को मुंबई से चेन्नई जा रही हमारी फ्लाइट AI639 को एहतियातन मुंबई वापस लाया गया, क्योंकि केबिन में जलने की गंध आ रही थी। फ्लाइट सुरक्षित उतरी और यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजा गया। हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता यात्रियों और क्रू की सुरक्षा है।”