देहरादून, 17 मई। नवोदय विद्यालय समिति के सेवानिवृत्त स्टाफ कर्मियों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नवोदय विद्यालय समिति एवं विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों से सेवानिवृत लगभग 20 सदस्यों ने सहभागिता की। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से:
- सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एवं उनके परिवारजनों चिकित्सीय सुविधाओं का लाभ न मिलना
- पेंशन की सुविधा का ना होना
- देहरादून में नवोदय विद्यालय समिति के समस्त सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एक साझा मंच पर जोड़ना
- उत्तराखंड के गांवों में शिक्षा आदि के क्षेत्र में निःशुल्क योगदान देना
- सभी स्टाफ परिवारों के लिए मनोरंजक गतिविधियों (Recreational Activities) आयोजित करना,
आदि महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। गौरतलब है कि चिकित्सीय सुविधाओं एवं पेंशन की सुविधा हेतु पूर्व में भी सदस्यों द्वारा ज्ञापन दिए गए हैं।
इस दौरान श्री आर पी डोभाल, श्री वी एस गुसाईं, श्री एस सी भट्ट, श्री सुरेंद्र तिवारी एवं श्री एस सी जोशी आदि लोगों ने अपने विचार व्यक्त किये और निकट भविष्य में सुदृढ़ एवं प्रभावी योजनाएं तैयार करने पर बल दिया।
बैठक के समापन पर श्री आर एस बिष्ट ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।