राजकीय महाविद्यालय बनबसा में बीए पाठ्यक्रम संबद्धता हेतु निरीक्षण सम्पन्न

राजकीय महाविद्यालय बनबसा में बीए पाठ्यक्रम संबद्धता हेतु निरीक्षण सम्पन्न

बनबसा, 18 मई। सीमांत क्षेत्र में उच्च शिक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में राजकीय महाविद्यालय बनबसा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक प्रक्रिया सम्पन्न हुई। आगामी शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए बीए पाठ्यक्रम की अस्थाई संबद्धता के संबंध में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय द्वारा गठित निरीक्षण मंडल ने महाविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया।

यह निरीक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आनंद प्रकाश सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। निरीक्षण दल ने महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया।

निरीक्षण दल में प्रो. एच.सी. जोशी (संकायाध्यक्ष एवं संयोजक), प्रो. चन्द्रकला रावत (विषय विशेषज्ञ-कला), डॉ. संगीता गुप्ता (प्राचार्य, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट) तथा लोक निर्माण विभाग चम्पावत के अधिशासी अभियंता श्री संजीव भट्ट शामिल रहे।

इस दौरान डॉ. राजीव कुमार ने नोडल अधिकारी एवं समन्वयक के रूप में निरीक्षण प्रक्रिया के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

निरीक्षण के सफल समापन पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आनंद प्रकाश सिंह ने विश्वविद्यालय से आए सभी विशेषज्ञों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं समस्त महाविद्यालय परिवार के सहयोग और समर्पण की सराहना की।

महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि सीमांत क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संस्थान निरंतर प्रयासरत है।