खटीमा की बेटी तिला सेन ने फतह किया माउंट एवरेस्ट, दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर लहराया तिरंगा

खटीमा की बेटी तिला सेन ने फतह किया माउंट एवरेस्ट, दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर लहराया तिरंगा

खटीमा। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के खटीमा की रहने वाली आईटीबीपी जवान तिला सेन ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

तिला सेन आईटीबीपी के पहले सर्व-महिला एवरेस्ट अभियान का हिस्सा थीं। 17 सदस्यीय अभियान दल में शामिल 11 महिला पर्वतारोहियों ने कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करते हुए 21 मई 2026 को सुबह 6:52 बजे सफलतापूर्वक माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर तिरंगा फहराया।

तिला सेन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा खटीमा के सरकारी विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने नैनीताल से पॉलिटेक्निक की पढ़ाई की और उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा हासिल की। वर्ष 2021 में एसएससी जीडी भर्ती के माध्यम से वह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में शामिल हुई थीं।

एवरेस्ट फतह करने के बाद जब तिला सेन अपने गृह नगर पहुंचीं तो स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उनका भव्य स्वागत कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय आईटीबीपी, अपने परिवार और कठिन मेहनत को दिया।

तिला सेन के पिता ने कहा कि बेटियों को भी समान अवसर मिलने चाहिए, ताकि वे अपने परिवार, राज्य और देश का नाम दुनिया भर में रोशन कर सकें।

तिला सेन की यह उपलब्धि उत्तराखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है और यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और हौसले के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।