क्या है लकाडोंग हल्दी? दुनिया की सबसे अधिक करक्यूमिन वाली हल्दी पर शुरू हुआ बड़ा मिशन

क्या है लकाडोंग हल्दी? दुनिया की सबसे अधिक करक्यूमिन वाली हल्दी पर शुरू हुआ बड़ा मिशन

नई दिल्ली/शिलांग। पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा के साथ लकाडोंग हल्दी मिशन ‘गोल्डन स्पाइस’ का शुभारंभ किया। 175 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली यह परियोजना पूर्वोत्तर भारत के कृषि और आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि लकाडोंग हल्दी को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ और प्राकृतिक रूप से सबसे अधिक करक्यूमिन (Curcumin) युक्त हल्दी माना जाता है। इस मिशन का उद्देश्य लकाडोंग हल्दी को वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाना और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि करना है।

7 हजार हेक्टेयर तक बढ़ेगा खेती का दायरा

उन्होंने बताया कि मिशन गोल्डन स्पाइस के तहत खेती का दायरा बढ़ाकर 7,000 हेक्टेयर तक किया जाएगा। साथ ही कृषि उत्पादन, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और विपणन को जोड़ते हुए फार्म-टू-ग्लोबल मार्केट मॉडल विकसित किया जाएगा।

किसानों और महिलाओं को मिलेगा लाभ

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस परियोजना से किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 3,000 से अधिक महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

सरकार का मानना है कि मिशन गोल्डन स्पाइस पूर्वोत्तर क्षेत्र में कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ भारत की उच्च गुणवत्ता वाली हल्दी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।