6G नेटवर्क के लिए भारत की बड़ी छलांग, अमेरिका समेत 24 देशों की वैश्विक पहल में शामिल

6G नेटवर्क के लिए भारत की बड़ी छलांग, अमेरिका समेत 24 देशों की वैश्विक पहल में शामिल

वाशिंगटन/नई दिल्ली: भारत ने अगली पीढ़ी की 6G तकनीक के विकास और तैनाती को लेकर अमेरिका समेत 24 अन्य देशों की वैश्विक पहल में शामिल होकर महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस पहल का उद्देश्य 6G नेटवर्क को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाना, वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और नई तकनीकों में नवाचार को गति देना है।

जितिन प्रसाद और हावर्ड लटनिक के बीच हुई अहम बातचीत
यह घोषणा केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और अमेरिका के वाणिज्य सचिव हावर्ड लटनिक के बीच G20 इनोवेशन मिनिस्ट्रियल बैठक के दौरान हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद की गई। दोनों नेताओं ने 6G के भविष्य और अगली पीढ़ी के दूरसंचार नेटवर्क के विकास में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जरूरत पर चर्चा की।
जितिन प्रसाद ने अमेरिका के साथ सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा सेंटर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने भारत सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 में अमेरिकी निवेश की संभावनाओं, AI तकनीकी साझेदारी को मजबूत करने और AI के सुरक्षित इस्तेमाल के लिए सुरक्षा उपायों पर चर्चा की।

6G के साथ AI और सेमीकंडक्टर पर भी फोकस
भारत ने 1-2 सितंबर को अमेरिका के चैपल हिल, नॉर्थ कैरोलिना में आयोजित G20 Innovation Ministers’ Meeting में भी उभरती तकनीकों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में AI, सेमीकंडक्टर, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI), रोबोटिक्स और अन्य उभरती तकनीकों में रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
भारत की अपनी भारत 6G मिशन के तहत भी 2030 तक 6G तकनीक के डिजाइन, विकास और तैनाती में अग्रणी भूमिका निभाने की महत्वाकांक्षा है। ऐसे में अमेरिका और अन्य देशों के साथ यह सहयोग भारत को वैश्विक 6G मानकों और तकनीकी विकास में अपनी भूमिका मजबूत करने का अवसर देता है।
यह पहल आने वाले वर्षों में सुरक्षित, इंटरऑपरेबल और नवाचार आधारित 6G नेटवर्क के विकास के लिए देशों के बीच सहयोग को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है ।