उत्तराखंड में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, देहरादून में सबसे ज्यादा मरीज, स्कूली बच्चों के लिए एडवाइजरी

उत्तराखंड में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, देहरादून में सबसे ज्यादा मरीज, स्कूली बच्चों के लिए एडवाइजरी

देहरादून, 19 सितंबर। उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू (H1N1) के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए स्कूलों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें स्कूली बच्चों को एहतियात के तौर पर मास्क का इस्तेमाल करने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और फ्लू जैसे लक्षण होने पर स्कूल नहीं आने की सलाह दी गई है।
देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को एडवाइजरी के संबंध में पत्र भेजा है। सीएमओ के अनुसार, स्कूलों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और मास्क के इस्तेमाल की सलाह दी गई है। जिन विद्यार्थियों में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दें, उन्हें स्कूल नहीं भेजने को कहा गया है। जरूरत के अनुसार मास्क का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमण की स्थिति को देखते हुए तीन श्रेणियों में एडवाइजरी जारी की गई है। विभाग आम जनता के लिए भी स्वाइन फ्लू के लक्षणों और बचाव के उपायों को लेकर एडवाइजरी जारी करने की तैयारी कर रहा है।
सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा के अनुसार, स्वाइन फ्लू ड्रॉपलेट संक्रमण से फैलने वाली वायरल बीमारी है। ऐसे में संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी और जागरूकता जरूरी है।

24 घंटे में 8 नए मामले
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, देहरादून जिले में पिछले 24 घंटे में H1N1 के 8 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के 565 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 372 मामले देहरादून जिले के हैं, जबकि 193 मरीज अन्य जिलों या राज्यों से आए हैं। वर्तमान में देहरादून और ऋषिकेश में कुल 78 एक्टिव केस हैं।
विभाग ने लोगों से फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर खुद को आइसोलेट करने, भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने, मास्क का इस्तेमाल करने और हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की है। स्वाइन फ्लू के उपचार के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में अलग से आइसोलेशन बेड चिह्नित किए गए हैं। अस्पतालों में फ्लू ओपीडी भी संचालित की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, वर्तमान में एक्टिव मरीजों में से अधिकांश का उपचार निजी अस्पतालों में चल रहा है। इनमें बड़ी संख्या ऐसे मरीजों की है, जिनमें पहले से कोई अन्य बीमारी यानी कॉमॉर्बिडिटी मौजूद है।

स्वाइन फ्लू से हुई मौतों के ऑडिट के बाद अब तक दो मौतों की पुष्टि स्वाइन फ्लू के कारण होने की हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि स्वाइन फ्लू को लेकर पैनिक करने की जरूरत नहीं है ।