सर्दियों में उत्तराखंड को मिलेगी अतिरिक्त बिजली, केंद्र ने 73 मेगावाट का किया इंतजाम

सर्दियों में उत्तराखंड को मिलेगी अतिरिक्त बिजली, केंद्र ने 73 मेगावाट का किया इंतजाम

देहरादून: सर्दियों में बढ़ने वाली बिजली की मांग को देखते हुए उत्तराखंड को केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। केंद्रीय क्षेत्र के विद्युत उत्पादन केंद्रों के अनआवंटित पूल से राज्य के लिए कुल 73 मेगावाट अतिरिक्त बिजली का आवंटन किया गया है। यह व्यवस्था 1 अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक लागू रहेगी।

केंद्र के आवंटन के अनुसार छह महीने की अवधि में हर महीने अलग-अलग मात्रा में अतिरिक्त बिजली उत्तराखंड को मिलेगी। अक्टूबर 2026 में 5 मेगावाट, नवंबर में 8 मेगावाट और दिसंबर में 16 मेगावाट अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।

वहीं, जनवरी 2027 में सबसे अधिक 19 मेगावाट अतिरिक्त बिजली का आवंटन किया गया है। इसके बाद फरवरी में 16 मेगावाट और मार्च में 9 मेगावाट अतिरिक्त बिजली राज्य को मिलेगी। इस तरह छह महीनों में कुल आवंटन 73 मेगावाट रहेगा।

सर्दियों में बढ़ती है बिजली की मांग

उत्तराखंड में तापमान गिरने के साथ सर्दियों के दौरान बिजली की खपत बढ़ जाती है। घरों और अन्य संस्थानों में हीटिंग उपकरणों के इस्तेमाल से बिजली की मांग बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में अतिरिक्त बिजली आवंटन से राज्य को बढ़ी हुई मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि सर्दियों में प्रदेश की बिजली जरूरतों को देखते हुए यह अतिरिक्त आवंटन महत्वपूर्ण है और इससे विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।