देहरादून में 5 अक्टूबर से सरस फूड फेस्टिवल, देशभर की महिलाओं के हुनर और स्वाद का दिखेगा संगम

देहरादून में 5 अक्टूबर से सरस फूड फेस्टिवल, देशभर की महिलाओं के हुनर और स्वाद का दिखेगा संगम

देहरादून: रेंजर ग्राउंड में 5 से 11 अक्टूबर 2026 तक सरस फूड फेस्टिवल-2026 का आयोजन किया जाएगा। फेस्टिवल में देशभर के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने पारंपरिक खाद्य उत्पादों, हस्तशिल्प, हैंडलूम और अन्य स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री करेंगी। आयोजन में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं हिस्सा लेंगी।

उत्तराखंड के 117 स्वयं सहायता समूहों को मिले स्टॉल
सरस फूड फेस्टिवल की नोडल अधिकारी अनीता पंवार ने बताया कि फेस्टिवल में प्रतिभाग करने वाले स्वयं सहायता समूहों को फूड आइटम्स, हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम और लाइव फूड स्टॉल आवंटित किए गए हैं। इन स्टॉल के माध्यम से महिलाएं अपने उत्पादों को ग्राहकों तक सीधे पहुंचा सकेंगी।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के 117 स्वयं सहायता समूहों को फेस्टिवल में विभिन्न श्रेणियों के स्टॉल आवंटित किए गए हैं। वहीं, देहरादून जिले के 30 से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी फेस्टिवल में अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करेंगी।
इन स्टॉल पर स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों, हस्तशिल्प और अन्य तैयार उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। फूड और लाइव फूड स्टॉल के माध्यम से अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक स्वाद भी लोगों को देखने और चखने को मिलेंगे।

महिलाओं को बाजार से जोड़ने पर जोर
नोडल अधिकारी के अनुसार, सरस फूड फेस्टिवल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बाजार उपलब्ध कराना, उनके उत्पादों की पहचान बढ़ाना और स्वरोजगार को मजबूत करना है। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक खान-पान और हस्तशिल्प संस्कृति को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
फेस्टिवल में अलग-अलग राज्यों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से देश की विविध खान-पान और स्थानीय उत्पादों की झलक देखने को मिलेगी।