Environment Day: जल प्रबंधन, वृक्षारोपण एवं प्लाटिक उन्मूलन से पर्यावरण संरक्षण पर जोर

Environment Day: जल प्रबंधन, वृक्षारोपण एवं प्लाटिक उन्मूलन से पर्यावरण संरक्षण पर जोर

रेनबो न्यूज़ इंडिया * 5 जून 2021

देहरादून: आज दिनांक 5 जून को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पर्यावरण गतिविधि उत्तराखण्ड प्रांत के द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम विख्यात पर्यावरणविद् श्री सुंदरलाल बहुगुणा को विनम्र श्रद्धांजलि दी गई।

आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम का संचालन करते हुए पर्यावरण गतिविधि के प्रांत प्रचार व सोशल मीडिया प्रमुख डॉ० दीवान सिंह रावत ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया। चमोली के विभाग संयोजक विक्रम सिंह नेगी ने संगठन मंत्र से कार्यक्रम को प्रारंभ किया।

प्रांतीय स्तर पर आयोजित किए गए ऑनलाइन कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रगतिशील किसान पदमश्री प्रेम चन्द्र शर्मा ने अपने व्याख्यान में पर्यावरण असंतुलन होने के दुष्प्रभावों पर बोलते हुए कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। जिससे जलवायु परिवर्तन की घटनाओं में सुधार होगा। हम सभी को जैविक कृषि को अपनाने के साथ, वन्य जीवों को भी बचाना होगा, प्राकृतिक संसाधनों को संरक्षित करना होगा।

पर्यावरण गतिविधि उत्तराखंड के प्रांत संयोजक एवं मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार के प्रमुख सलाहकार डॉ० रघुवीर सिंह रावत ने पर्यावरण दिवस की संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित इस वर्ष की थीम “इकोसिस्टम रेस्टोरेशन” के बारे में बताया। डॉ० रावत कहा कि वैज्ञानिक रिपोर्ट के अनुसार पिछले पचास वर्षों में 52 प्रतिशत जैव विविधता विलुप्त होने के कगार पर पहुंच चुकी हैं। उन्होंने कहा संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा बनाए गए सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स पर विशेष रूप से कार्य करने की आवश्कता है। डॉ० रावत ने जंगलों में लगने वाली आग को बचाने, सघन वन लगाने, मृदा संरक्षण करने, जल संरक्षण करने आदि पर कार्य करने का आवाहन किया। जिससे हमारा पर्यावरण सुरक्षित रह सके, मानव समाज स्वस्थ रह सके तथा जीव जंतुओं की रक्षा हो सके।

कार्यक्रम में पेड़ आयाम प्रमुख धन सिंह घरिया “पेड़ वाले गुरुजी” ने अपने व्याख्यान में बताया कि पेड़ पौधों का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। उनके द्वारा किए जा रहे पौधरोपण कार्यक्रमों पर विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इस कार्य में समाज के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी जोड़ा गया है।

कार्यक्रम में देहरादून महानगर (उत्तर) के पर्यावरण संयोजक एवं सह प्रमुख जल आयाम डॉ० भवतोष शर्मा ने जल आयाम के उद्देश्य बताते हुए कहा कि जल संरक्षण के कार्य में व्यक्तिगत, व्यावसायिक एवं सामाजिक स्तर पर सहयोगात्मक रूप से कार्य करने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने अपने व्याख्यान में जल संरक्षण की विभिन्न विधियों के बारे में बताया।

कचरा एवं प्लास्टिक आयाम प्रमुख एवं ऋषिकेश के जिला संयोजक हेमन्त गुप्ता ने कचरे के प्रबंधन, पॉलीथीन निस्तारण, इको ब्रिक अभियान पर विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि हमको किस प्रकार गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके आगे कार्य करना है। प्लास्टिक के कचरे को कैसे कम करके पर्यावरण को बचाना है। कचरे से निकलने वाली हानिकारक गैसें पर्यावरण व जीव जंतुओं को कैसे हानि पहुंचाती है।

कार्यक्रम में दीप चन्द्र पाण्डेय, जिला संयोजक रानीखेत ने धन्यवाद ज्ञापन किया तथा डॉ० भवतोष शर्मा ने कल्याण मंत्र किया। इस ऑनलाइन कार्यक्रम में गतिविधि के प्रांतीय टीम के पदाधिकारी, विभाग संयोजक, जिला संयोजक, सोशल मीडिया प्रमुख, पर्यावरण प्रहरी, गैर सरकारी संगठन के लोग, मातृ शक्ति द्वारा प्रतिभाग किया गया।

पर्यावरण गतिविधि उत्तराखण्ड प्रांत के द्वारा पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थीयों के लिए प्रांतीय स्तर पर पर्यावरण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जिसका परिणाम दिनांक 15 के पश्चात घोषित किया जाएगा। इसके आलावा आज पर्यावरण गतिविधि द्वारा प्रांत के हर जिले में पौधरोपण का कार्य, घरों पर वायु शुद्धि हेतु यज्ञ का आयोजन घरेलू स्तर पर कोरोना नियमों का पालन करते हुए किया गया।

Please share the Post to: