देहरादून, 20 सितंबर। ग्राफिक एरा अस्पताल के विशेषज्ञों ने बहुत गंभीर केस में बिना चीरा लगाये एक साथ हार्ट के दो वाल्व बदलकर एक नया कीर्तिमान रच दिया है। चिकित्सा क्षेत्र में नॉर्थ इंडिया में यह अपनी तरह का पहला मामला माना जा रहा है।
ग्राफिक एरा अस्पताल के कैथ लैब के निदेशक व ह्रदय रोग विभागाध्यक्ष डॉ० राज प्रताप सिंह ने आज पत्रकारों को बताया कि 70 वर्ष के एक पूर्व सैनिक के हृदय के दो वाल्व बिना चीरा लगाये एक साथ बदले गये हैं। हार्ट फेलियर की स्थिति में इसी हफ्ते कर्णप्रयाग निवासी इस मरीज को ग्राफिक एरा अस्पताल लाया गया था। करीब 12 साल पहले उनकी ओपन हार्ट सर्जरी हो चुकी थी। तब उनके हार्ट में दो वाल्व डाले गये थे। ईको करने पर पाया गया कि मरीज के दो वाल्व खराब हो चुके हैं। मरीज की जान खतरे में थी। दोनों वाल्व बदलने जरूरी थे, लेकिन इसमें जान का जोखिम 40 प्रतिशत था। आमतौर पर 20 प्रतिशत से अधिक जोखिम की स्थिति में ऑपरेशन नहीं किये जाते, लेकिन मरीज की जीवन रक्षा के लिए तत्काल उपचार जरूरी था।
डॉ० राज प्रताप ने बताया कि हार्ट के दोनों वाल्व एक साथ बदलने के लिए ओपन हार्ट सर्जरी के अलावा कोई तकनीक नहीं है। दूसरी बार ओपन हार्ट सर्जरी करने में बहुत ज्यादा जोखिम रहता है। हाई रिस्क केस को देखते हुए मरीज की जान बचाने के लिए तय किया गया कि कोई चीरा लगाये बगैर ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वाल्व रिप्लेसमेंट टेक्निक (टीएवीआर) का उपयोग करके वाल्व बदले जायें। यह तकनीक केवल एओर्टिक वाल्व बदलने के लिए इस्तेमाल होती है।
ग्राफिक एरा अस्पताल के विशेषज्ञों ने इस तकनीक से एओर्टिक वाल्व के साथ ही माइट्रल वाल्व भी बदल दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोई चीरा नहीं लगाया गया। जहां ओपन हार्ट सर्जरी करीब पांच घंटे चलती है और उसमें रिस्क रहता है, इस प्रक्रिया को महज एक घंटे में पूरा कर लिया गया। इस तकनीक से हार्ट के दोनों वाल्व बदलने के बाद मरीज के स्वास्थ्य में बहुत सुधार हुआ है। अगले दिन मरीज को अपने पैरों पर चलाया गया। सही स्थिति पाते हुए उन्हें 48 घंटे बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ० राज प्रताप सिंह ने कहा कि नॉर्थ इंडिया में इस तरह बिना चीरा लगाये पहली बार किसी मरीज के हृदय के दो वाल्व एक साथ बदले गये हैं। विशेषज्ञों की इस टीम में डॉ० हिमांशु राणा, डॉ० अखिलेश पांडेय और डॉ० एस पी गौतम शामिल थे। प्रेस वार्ता में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ० नितिन बंसल और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ० कमल घनशाला ने इस शानदार उपलब्धि पर विशेषज्ञों की टीम को बधाई देते हुए कहा कि मरीज को कम से कम तकलीफ देकर जीवन रक्षा करना बहुत महत्वपूर्ण है।
ग्राफिक एरा अस्पताल के विशेषज्ञ अपनी योग्यता और अनुभवों के जरिये नये कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। ओपन हार्ट सर्जरी के लिए आठ ईंच के आपरेशन के बजाय दो-ढाई ईंच का चीरा लगाकर चेस्ट की हड्डी काटे बगैर इलाज की नई तकनीक अपनाकर विशेषज्ञ इस अस्पताल में कई आपरेशन कर चुके हैं। आहार नली के उपचार में भी इसी तरह जापानी तकनीक बहुत कारगर सिद्ध हो रही है। डॉ० घनशाला ने कहा कि दुनिया की सबसे नई तकनीकों और बहुत अनुभवी विशेषज्ञों के साथ ग्राफिक एरा अस्पताल जिंदगी की डोर को भरोसे से जोड़ने का जो महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है, वह एक बड़ी सेवा है।
Related posts:
- ग्राफिक एरा अस्पताल: नई तकनीक का कमाल, ढाई इंच के चीरे से ओपन हार्ट सर्जरी
- एम्स के डॉक्टरों ने इस व्यक्ति को दिया नया जीवन
- ग्राफिक एरा हॉस्पिटल: हृदय रोग शिविर में बदले चार वाल्व
- महंत इन्दिरेश अस्पताल के डाॅक्टरों ने मरीज़ की आहार नाल से ब्लेड निकाला मरीज़ को मिला नया जीवन
- दिल्ली से जवाब मिला, ग्राफिक एरा ने बचा ली दो माह की बच्ची की जान
- उपलब्धि: मरीज देखता रहा, विशेषज्ञों ने दिल का वाॅल्व बदल दिया