अल्मोड़ा में किशोरी से छेड़छाड़: भाजपा नेता पार्टी से निष्कासित

अल्मोड़ा में किशोरी से छेड़छाड़: भाजपा नेता पार्टी से निष्कासित

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक किशोरी से छेड़छाड़ के आरोप में भाजपा नेता भगवत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शनिवार रात को कार्रवाई करते हुए बोरा को हिरासत में लिया। अल्मोड़ा के एसएसपी देवेंद्र पिंचा ने बताया कि यह घटना 24 अगस्त को सल्ट राजस्व क्षेत्र में हुई थी, जिसकी जानकारी 30 अगस्त को पुलिस को मिली। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की धारा 74 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

घटना के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बोरा को पार्टी से निष्कासित करने का आदेश दिया। भट्ट ने इसे ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताते हुए कहा कि राज्य सरकार अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है, और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।

इस घटना पर कांग्रेस ने भी भाजपा पर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण महारा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों को लेकर अपने नेताओं को ‘लाइसेंस’ दे रखी है।

लड़की का बयान दर्ज करने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। घटना को लेकर पूरे इलाके में रोष है, और स्थानीय लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Please follow and like us:
Pin Share
Please share the Post to:
RSS
Follow by Email