मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2021 के तहत चयनित 19 विभागों के 289 अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। पिछले तीन वर्षों में 17,500 से अधिक अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी गई है। उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उनके योगदान की उम्मीद जताई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में राज्य के सरकारी विभागों में रिक्त सभी 24,000 पदों को भरने का निर्णय लिया था और कई पदों पर भर्ती प्रक्रिया अभी भी जारी है। उन्होंने राज्य के विकास और देश में विशिष्ट पहचान स्थापित करने के लिए ‘टीम उत्तराखंड’ की भावना से काम करने पर बल दिया। नीति आयोग द्वारा सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में उत्तराखंड को प्रथम स्थान मिला है, जो राज्य के विकास की दिशा में एक अहम उपलब्धि है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, श्री प्रेमचन्द अग्रवाल, श्री गणेश जोशी, श्री सौरभ बहुगुणा, श्रीमती रेखा आर्या सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।