Top Banner
नव वर्ष के मद्देनज़र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिए विशेष निर्देश…

नव वर्ष के मद्देनज़र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिए विशेष निर्देश…

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर नव वर्ष के आगमन पर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के विशेष प्रबंधों के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए वर्ष पर पर्यटकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। रात्रि में सार्वजनिक स्थानों और मुख्य मार्गों पर पुलिस की उपस्थिति बढ़ाई जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को टाला जा सके।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से गाड़ी चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घटनाओं पर निगरानी रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी उपकरणों का अधिकतम उपयोग किया जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, श्री विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमन और एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Please share the Post to: