नैनीताल। आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति जी नरेन्द्र उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश होंगे। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्रीय कानून मंत्रालय ने न्यायमूर्ति जी. नरेन्द्र को उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की अधिसूचना जारी कर दी है। यह नियुक्ति सोमवार को औपचारिक रूप से घोषित की गई।
उच्चतम न्यायालय के कोलेजियम ने 25 सितंबर, 2024 को न्यायमूर्ति जी. नरेन्द्र के नाम की सिफारिश की थी। गौरतलब है कि उत्तराखंड हाईकोर्ट की पूर्व मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस रितु बाहरी, 10 अक्तूबर को सेवानिवृत्त हो गई थीं, जिसके बाद यह पद रिक्त था। अधिसूचना के अनुसार न्यायमूर्ति जी. नरेन्द्र का कार्यकाल उनकी कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी माना जाएगा।
न्यायमूर्ति जी. नरेन्द्र ने 02 जनवरी, 2015 को कर्नाटक उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाला। इसके बाद, 30 अक्तूबर, 2023 को वह आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त हुए। उनके न्यायिक अनुभव और कुशल प्रशासन को ध्यान में रखते हुए उन्हें उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंपी गई है।