दुनियाभर में बर्ड फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगली महामारी का स्रोत अमेरिका हो सकता है। स्पेन के संक्रामक रोग विशेषज्ञों ने कहा है कि H5N1 एवियन फ्लू अमेरिका में तेजी से फैल रहा है, जिससे भविष्य में यह एक गंभीर महामारी को जन्म दे सकता है।
क्या है बर्ड फ्लू?
बर्ड फ्लू, जिसे एवियन इन्फ्लूएंजा भी कहते हैं, इन्फ्लूएंजा वायरस से होने वाला संक्रमण है। यह मुख्य रूप से पक्षियों और जानवरों में फैलता है, लेकिन गंभीर परिस्थितियों में इंसानों में भी फैल सकता है। H5N1 और H7N9 जैसे कुछ वेरिएंट इंसानों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं।
बर्ड फ्लू के लक्षण
बर्ड फ्लू के सामान्य लक्षणों में शामिल हैं:
गुलाबी आंखें (पिंक आई)
बुखार और थकावट
खांसी और गले में खराश
मांसपेशियों में दर्द
मतली, उल्टी और दस्त
यह वायरस गंभीर बीमारियों जैसे निमोनिया, सांस लेने में समस्या, सेप्सिस, और ब्रेन में सूजन का कारण बन सकता है।
अमेरिका से महामारी फैलने की संभावना क्यों?
अमेरिका में हाल ही के आंकड़े चिंताजनक हैं:
पिछले 6 महीनों में 48 राज्यों में 9 करोड़ से अधिक मुर्गियों में एवियन फ्लू के मामले पाए गए।
यह वायरस गायों और अन्य जानवरों तक भी पहुंच चुका है।
WHO और CDC के विशेषज्ञों का मानना है कि बर्ड फ्लू के म्यूटेशन से इंसानों में फैलने का खतरा है।
कितनी खतरनाक हो सकती है यह महामारी?
1997 में H5N1 वायरस से पहली बार इंसानों में संक्रमण देखा गया, जिसका मृत्यु दर लगभग 60% था। इसके अन्य वेरिएंट, जैसे H9N2, भी पक्षियों में घातक साबित हुए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह वायरस इंसानों में फैलता है, तो यह अब तक की सबसे खतरनाक महामारी बन सकती है।