नैनीताल: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक रविवार को कैंची धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा नीब करौरी महाराज और मोनी माई के दर्शन किए। मंदिर परिसर में बैठकर उन्होंने बाबा का ध्यान और पाठ भी किया। तय कार्यक्रम के अनुसार, वह सड़क मार्ग से नैनीताल स्थित कैंची धाम पहुंचे और दर्शन करने के बाद लखनऊ लौट गए।
देश-प्रदेश की सुख-शांति की कामना
बृजेश पाठक ने बाबा के समक्ष उत्तर प्रदेश और देश की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। मंदिर प्रबंधन समिति ने उनका स्वागत किया और बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन व व्यक्तित्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
डिप्टी सीएम ने मीडिया से बातचीत में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है।
महाकुंभ को लेकर दी जानकारी
बृजेश पाठक ने बताया कि प्रयागराज महाकुंभ में आने वाले भक्तों की सुविधाओं के लिए सरकार ने पूरी व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि इस बार कुंभ में रिकॉर्ड संख्या में भक्तों ने गंगा स्नान किया और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है।
भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
गरमपानी क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने बृजेश पाठक का स्वागत किया और बाबा नीब करौरी महाराज की प्रतिमा भेंट की। इस दौरान नीरज बिष्ट, पंकज निगलतिया, गोधन बर्गली, महेंद्र सिंह और बबलू सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।