देहरादून: उत्तराखंड शासन ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए पीसीएस अधिकारी चंद्र सिंह धर्मशक्तू को आयुक्त गन्ना एवं चीनी पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उन्हें फिलहाल कोई नई जिम्मेदारी नहीं दी गई है।
बताया जा रहा है कि अधिकारी के खिलाफ कर्मचारियों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर शासन ने यह सख्त कदम उठाया है। कार्मिक विभाग के अनु सचिव नागेश सिंह नेगी द्वारा जारी आदेश में धर्मशक्तू को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त होकर संबंधित आख्या शासन को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
कर्मचारियों ने की थी शिकायत, मुख्यमंत्री तक पहुंचा मामला
जानकारी के अनुसार विभागीय कर्मचारियों ने धर्मशक्तू के व्यवहार को लेकर लंबे समय से आपत्ति जताई थी। कर्मचारियों की शिकायतें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उधमसिंह नगर दौरे के दौरान उनके संज्ञान में लाई गईं, जिसके बाद शासन ने यह कार्रवाई की है।
नई तैनाती को लेकर अलग से आदेश जारी होंगे
फिलहाल पीसीएस अधिकारी को कोई नई पोस्टिंग नहीं दी गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उनकी नवीन तैनाती को लेकर अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
तबादला सूची भी जल्द
इस बीच प्रदेश में लंबे समय से प्रतीक्षित तबादला सूची को लेकर भी हलचल तेज है। मुख्यमंत्री स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों को लेकर समीक्षा हुई है। कुछ अधिकारियों की जिम्मेदारी बढ़ाई जाएगी तो कुछ को हल्का किया जाएगा। हालांकि तबादला सूची फिलहाल मुख्यमंत्री के अनुमोदन की प्रतीक्षा में है।