दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केदारनाथ-बदरीनाथ धाम में किए दर्शन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केदारनाथ-बदरीनाथ धाम में किए दर्शन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने धार्मिक दौरे के तहत सोमवार सुबह पवित्र केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर देश की खुशहाली और विकास के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए।

इससे पहले रविवार को सीएम रेखा गुप्ता हरिद्वार पहुंचीं थी, जहां उन्होंने अपने पति के साथ हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला हरिद्वार दौरा था। गंगा सभा की ओर से मुख्यमंत्री का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में वह हरिद्वार आई हैं। उन्होंने मां गंगा के चरणों में नमन कर देश के विकास और दिल्ली की प्रगति की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि संतों की इच्छा के अनुसार वह चाहती हैं कि एक दिन यमुना में भी स्नान करें। इसके लिए दिल्ली में यमुना की सफाई के लिए उनके पूरे कार्यकाल में अभियान चलाया जाएगा।

रविवार को कनखल में आयोजित ‘वात्सल्य गंगा आश्रय’ के लोकार्पण कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा स्नान उनके लिए एक संकल्प है, जिसे वह संतों के आशीर्वाद से पूरा करेंगी।

रेखा गुप्ता के इस धार्मिक दौरे को आस्था और सेवा भाव से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने आध्यात्मिक स्थलों पर जाकर न केवल दर्शन किए बल्कि पर्यावरण और स्वच्छता को लेकर भी जनसंदेश दिया।

Please share the Post to: