जोशीमठ (चमोली), 2 अगस्त 2025 — उत्तराखंड के चमोली ज़िले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जोशीमठ के पास हेलंग में स्थित टीएचडीसी जल विद्युत परियोजना की सहायक कंपनी एचसीसी (HCC) की डैम साइट पर शनिवार को अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर पड़ा। इस हादसे में कम से कम आठ श्रमिक घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना उस वक्त हुई जब साइट पर लगभग 200 मजदूर कार्यरत थे। अचानक पहाड़ी दरकने से भारी मलबा नीचे कार्यस्थल पर आ गिरा, जिससे अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद श्रमिकों ने तुरंत भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन कई लोग चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सुरक्षित निकालकर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायलों को उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया गया है।
प्रशासन और परियोजना प्रबंधन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी स्थिति का जायजा ले रहे हैं।