देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम के उप महाप्रबंधक (वित्त) भूपेंद्र कुमार को भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। प्रबंध निदेशक रीना जोशी ने यह कार्रवाई की है।
भूपेंद्र कुमार के खिलाफ 17 जुलाई को विजिलेंस में मुकदमा दर्ज हुआ था। मई 2023 में राज्य निगम कर्मचारी-अधिकारी महासंघ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर उन पर गंभीर आरोप लगाए थे। आरोप था कि भूपेंद्र कुमार ने निगम के अनुबंधित बस स्वामियों से पारिवारिक सदस्यों के बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर कराई और लाखों रुपये नकद भी लिए।
महासंघ ने आरोपों के साथ पारिवारिक सदस्यों के नाम और बैंक खातों का ब्योरा भी मुख्यमंत्री को सौंपा था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विजिलेंस को खुली जांच के निर्देश दिए थे।