मुंबई। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बड़ी दुखद खबर सामने आई है। रामायण के निर्माता रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर का 84 साल की उम्र में निधन हो गया। लंबे समय से बीमार चल रहे प्रेम सागर ने 30 अगस्त को अंतिम सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, प्रेम सागर को स्वास्थ्य खराब होने के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि कुछ दिन पहले डॉक्टरों ने उन्हें घर ले जाने की सलाह दी थी। बीते दिन मुंबई के जुहू स्थित पवनहंस श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
करियर और योगदान
प्रेम सागर ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म और टीवी प्रोडक्शन से की थी। वे विशेष रूप से धार्मिक और पौराणिक प्रोजेक्ट्स के लिए जाने जाते थे। उनके मार्गदर्शन में कई धार्मिक शोज बनाए गए, जिन्होंने दर्शकों के बीच गहरी छाप छोड़ी।
इंडस्ट्री में शोक की लहर
प्रेम सागर के निधन से एंटरटेनमेंट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी समेत कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर शोक जताया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।