52 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए जुबिन गर्ग, ‘या अली’ से बनाई थी पहचान

52 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए जुबिन गर्ग, ‘या अली’ से बनाई थी पहचान

नई दिल्ली। बॉलीवुड और असम के मशहूर गायक जुबिन गर्ग (Zubeen Garg) का 52 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके अचानक यूं चले जाने से संगीत जगत और फैंस में गहरा शोक है।

सिंगापुर में हादसे का शिकार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुबिन गर्ग सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग कर रहे थे। इसी दौरान हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया और आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।

मौत से पहले का आखिरी वीडियो वायरल

जुबिन गर्ग ने निधन से 24 घंटे पहले ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में उन्होंने अपने आगामी कॉन्सर्ट की जानकारी दी थी और फैंस से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की थी। यही वीडियो अब उनके निधन के बाद तेजी से वायरल हो रहा है।

करियर की खास बातें

  • जुबिन गर्ग का जन्म 1972 में मेघालय में हुआ था।
  • उन्होंने 1990 के दशक में अपना सरनेम हटाकर अपने गोत्र “गर्ग” को स्टेज नेम बनाया।
  • फिल्म गैंगस्टर के सुपरहिट गाने “या अली” से उन्हें सबसे बड़ी पहचान मिली।
  • इसके बाद उन्होंने ‘सुबह सुबह’, ‘क्या राज है’ जैसे कई हिट गाने दिए।
  • जुबिन ने हिंदी, असमिया, बंगाली समेत 40 से अधिक भाषाओं और बोलियों में गाने गाए।

असम में उन्हें सबसे ज्यादा कमाई करने वाले गायक के रूप में भी जाना जाता था। उनकी आवाज ने पूरे भारत में लाखों लोगों का दिल जीता। उनके निधन को संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।