देहरादून। उत्तरकाशी के रहने वाले 16 वर्षीय सचिन कुमार ने इस साल मई में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह कर एक अद्भुत मिसाल पेश की है। मंगलवार को सचिन ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने सचिन को उनकी इस साहसिक और ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि इतनी कम उम्र में एवरेस्ट जैसी कठिनतम चोटी को फतह करना साहस, दृढ़ निश्चय और परिश्रम का प्रेरणादायक उदाहरण है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सचिन कुमार ने न केवल अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरता और पराक्रम की भूमि है और यहां के युवा लगातार विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम ऊंचा कर रहे हैं।
दुनिया की सबसे ऊंची चोटी को किया फतह
मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिन कुमार ने इतनी कम उम्र में एवरेस्ट जैसी दुनिया की सबसे ऊंची चोटी को फतह किया है, जो उनके साहस, दृढ़ निश्चय और परिश्रम का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने आगे कहा कि सचिन ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।
16 की उम्र में रचा इतिहास
सीएम धामी ने कहा कि सचिन ने प्रदेश के युवाओं के सामने एक प्रेरणा स्थापित की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल, साहसिक गतिविधियों और पर्वतारोहण के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है ताकि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा का लोहा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनवा सकें।
इस मौके पर सचिन कुमार ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री से मिलकर बहुत अच्छा लगा और वह देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे। उत्तरकाशी के रहने वाले सचिन अखिल भारतीय एनसीसी अभियान दल में शामिल थे, जिसने 18 मई 2025 को माउंट एवरेस्ट का सफल आरोहण किया था।