हल्द्वानी में करोड़ों की ज्वेलरी चोरी, गैस कटर से दीवार काटकर चोरों ने उड़ाया माल

हल्द्वानी में करोड़ों की ज्वेलरी चोरी, गैस कटर से दीवार काटकर चोरों ने उड़ाया माल

हल्द्वानी में करोड़ों की ज्वेलरी चोरी, गैस कटर से दीवार काटकर चोरों ने उड़ाए आभूषण और नकदी
उत्तराखंड के हल्द्वानी में बड़ी चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के व्यस्त इलाके में स्थित राधिका ज्वेलर्स में चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक करोड़ रुपये से अधिक के सोना-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। यह घटना हल्द्वानी में अब तक की सबसे बड़ी ज्वेलरी चोरी मानी जा रही है।
ज्वेलरी शोरूम के मालिक नवनीत शर्मा ने बताया कि शोरूम के बगल में चल रहे निर्माण कार्य का फायदा उठाकर चोरों ने गैस कटर की मदद से दीवार काटी और भीतर प्रवेश किया। इसके बाद शोरूम में रखे कीमती आभूषणों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया गया। चोरों ने एक बड़ी तिजोरी को काटने का भी प्रयास किया, लेकिन उसमें वे सफल नहीं हो पाए।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात को किसी बड़े और पेशेवर चोरी गिरोह ने अंजाम दिया है।
फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इस बड़ी चोरी का खुलासा कर लिया जाएगा।