क्या देहरादून से दिल्ली शिफ्ट होगा Survey of India मुख्यालय? हलचल तेज, 900 से अधिक कर्मचारियों पर असर की आशंका

क्या देहरादून से दिल्ली शिफ्ट होगा Survey of India मुख्यालय? हलचल तेज, 900 से अधिक कर्मचारियों पर असर की आशंका

देहरादून में एक बार फिर सर्वे ऑफ इंडिया (Survey of India) के मुख्यालय को दिल्ली स्थानांतरित किए जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार इस ऐतिहासिक संस्थान के लीगल सेल को नई दिल्ली के पुष्पा भवन में शिफ्ट करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। ऐसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि भविष्य में मुख्यालय भी दिल्ली भेजा जा सकता है। अगर यह प्रस्ताव अमल में आता है, तो 700 से अधिक स्थायी और करीब 250 संविदा कर्मियों पर सीधा प्रभाव पड़ेगा।

दिल्ली के पुष्पा भवन में शिफ्टिंग की तैयारी?

जानकारी के अनुसार प्रस्तावित बदलाव के तहत सर्वे ऑफ इंडिया के लीगल सेल को दिल्ली शिफ्ट करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इस कदम को मुख्यालय स्थानांतरण की दिशा में पहला चरण माना जा रहा है। देहरादून में 258 वर्षों से कार्यरत इस संस्थान के भविष्य को लेकर कर्मचारी चिंता में हैं।

भारत का सबसे पुराना वैज्ञानिक संस्थान

सर्वे ऑफ इंडिया भारत का सबसे पुराना वैज्ञानिक संस्थान है, जिसकी स्थापना वर्ष 1767 में ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने की थी। तभी से इसका मुख्यालय देहरादून में रहा है। यह संस्थान रणनीतिक, सैन्य, वैज्ञानिक एवं विकास संबंधी परियोजनाओं के लिए मानचित्रण और भौगोलिक आंकड़ों की तैयारी करता है।

राष्ट्रीय मानचित्रण का प्रमुख केंद्र

स्वतंत्रता के बाद 1950 तक यह विभाग पांच निदेशालयों के रूप में कार्यरत था। निरंतर विस्तार के साथ आज यह देश का प्रमुख राष्ट्रीय सर्वेक्षण एवं मानचित्रण संस्थान बन चुका है। देहरादून की पहचान बन चुके इस संस्थान के स्थानांतरण की आशंका ने स्थानीय स्तर पर विरोध और चिंता को बढ़ा दिया है।