अंकिता हत्याकांड: मंत्री सौरभ बहुगुणा बोले– जनभावना को देखकर सीएम धामी लेंगे CBI जांच का फैसला

अंकिता हत्याकांड: मंत्री सौरभ बहुगुणा बोले– जनभावना को देखकर सीएम धामी लेंगे CBI जांच का फैसला

देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनभावना को ध्यान में रखते हुए इस मामले में सीबीआई जांच का फैसला लेंगे। मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा जनता की भावनाओं का सम्मान किया है और यह परंपरा आगे भी बनी रहेगी।

विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए सौरभ बहुगुणा ने कहा कि अंकिता हम सभी की बेटी और बहन थी। उसके साथ जो हुआ, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। उन्होंने बताया कि इस मामले में दोषियों को न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है और सरकार ने दोषियों को सजा दिलाने में अपनी भूमिका निभाई है।

मंत्री ने कहा कि हाल ही में इस प्रकरण से जुड़े कुछ नए तथ्य सामने आए हैं। ऐसे में यदि जनता की भावना सीबीआई जांच की है, तो सरकार उस पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पेपर लीक मामले में भी जब जनता और युवाओं ने सीबीआई जांच की मांग की थी, तब मुख्यमंत्री धामी ने जनभावना का सम्मान करते हुए सीबीआई जांच की स्वीकृति दी थी।

सौरभ बहुगुणा ने कहा कि भाजपा सरकार मातृशक्ति, युवाओं और बुजुर्गों के आशीर्वाद से बनी है और जनता की भावनाओं का सम्मान करना सरकार की प्राथमिकता रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री धामी जो भी निर्णय लेंगे, वह जनहित और जनभावना को सर्वोपरि रखकर ही लिया जाएगा।