कोटद्वार के स्व. शशिधर भट्ट राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे 71वें गढ़वाल कप फुटबॉल टूर्नामेंट के तीसरे दिन दर्शकों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। भारी संख्या में मौजूद खेलप्रेमियों के बीच खेले गए दोनों अहम मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए, जिससे अब क्वार्टर फाइनल की जंग और भी दिलचस्प हो गई है।
दिन के पहले मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि हमनाद लिटिल और विशिष्ट अतिथि वीरेंद्र सिंह रावत ने किया। वहीं दूसरे मैच में डॉ. जगदम्बा प्रसाद ध्यानी, संजय बंसल, अरविंद धूलिया और राजदीप माहेश्वरी बतौर अतिथि मौजूद रहे। इस अवसर पर एवरेस्ट विजेता प्रभु दयाल सिंह बिष्ट, पूर्व खिलाड़ी भीम सिंह रावत सहित संस्था के पदाधिकारी और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
पहला मुकाबला: खालसा वॉरियर पंजाब बनाम ऋषिकेश एफसी (1-1 ड्रॉ)
मैच की शुरुआत से ही ऋषिकेश एफसी ने आक्रामक खेल दिखाया। खेल के 48वें मिनट में अर्जुन ने शानदार मैदानी गोल कर ऋषिकेश को बढ़त दिलाई। हालांकि अंतिम समय में खालसा वॉरियर पंजाब ने दमदार वापसी करते हुए 80वें मिनट में चरणप्रीत के गोल से स्कोर 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
दूसरा मुकाबला: वेलोसिटी चंडीगढ़ बनाम सिद्धबली यूनाइटेड कोटद्वार (0-0 ड्रॉ)
विदेशी खिलाड़ियों से सजी वेलोसिटी चंडीगढ़ की टीम ने तेज रफ्तार खेल दिखाया, लेकिन मेजबान सिद्धबली यूनाइटेड की मजबूत रक्षा पंक्ति ने उनके हर हमले को नाकाम कर दिया। दोनों टीमों के शानदार डिफेंस के चलते मुकाबला गोलरहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
कल होंगे क्वार्टर फाइनल के हाई-वोल्टेज मुकाबले
टूर्नामेंट में आज दो बड़े क्वार्टर फाइनल मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला खालसा वॉरियर्स पंजाब और गढ़वाल हीरोज के बीच सुबह 11 बजे खेला जाएगा, जबकि दूसरा क्वार्टर फाइनल मेरठ स्पोर्टिंग और वेलोसिटी चंडीगढ़ के बीच होगा। आने वाले मैचों में 16वीं गढ़वाल राइफल, गढ़वाल हीरोज, मेरठ स्पोर्टिंग और स्ट्राइकर हरियाणा जैसी दिग्गज टीमों का दम भी देखने को मिलेगा।
मैचों का संचालन रेफरी प्रकाश, शिवा, ऋतिक, सुजल जोशी और इंदर सिंह ने किया, जबकि कमेंट्री की जिम्मेदारी सुरदीप गुसाईं ने निभाई।
खेलप्रेमी इन रोमांचक मुकाबलों का सीधा प्रसारण ‘देवभूमि स्पोर्ट्स’ यूट्यूब चैनल पर भी देख सकते हैं।