चमोली: आज 14 जनवरी को मकर संक्रांति के पावन अवसर पर चमोली जिले में स्थित पंचबदरी के प्रथम धाम आदिबदरी नाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए विधि-विधान के साथ खोल दिए गए। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मुख्य पुजारी चक्रधर थपलियाल ने मंदिर के द्वार खोले।
कपाट खुलते ही मंदिर परिसर में जयकारों की गूंज सुनाई दी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। सुबह से ही आदिबदरी धाम में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान नारायण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आदिबदरी मंदिर को भगवान नारायण का प्रथम निवास स्थान माना जाता है। कहा जाता है कि बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले यहां विशेष पूजा की जाती है। मकर संक्रांति के दिन कपाट खुलने से आदिबदरी क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।